बिजनौर। हाईकोर्ट बैंच स्थापना संघर्ष समिति के आह्वान पर अधिवक्ता तीसरे दिन भी न्यायिक कार्य से विरत रहे। जिला बार अध्यक्ष ने नौ अगस्त से सुचारु रूप से न्यायिक कार्य करने की घोषणा की है। जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राजीव चौहान की अध्यक्षता तथा सचिव राजीव पंवार के संचालन में हुई बैठक में वकीलों और वादकारियों के लंबे संघर्ष के बाद भी पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट बैंच की स्थापना न होने पर रोष जताया गया। वक्ताओं ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से हाईकोर्ट करीब 600 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। ऐसे में वादकारियों को समय व पैसा दोनों का नुकसान उठाना पड़ता है। पश्चिम उत्तर प्रदेश के किसी भी जिले में हाईकोर्ट बैंच स्थापना की मांग की गई। बैठक में मेरठ में 11 अगस्त को आयोजित होने वाली भाजपा कार्यकारिणी की बैठक का विरोध करने का निर्णय लिया गया।