नजीबाबाद (बिजनौर)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने आजाद चौक पर महापुरुष स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा स्थापित करने की प्रशासन से मांग की। बुधवार को तहसील पहुंचे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के जिला प्रमुख अभिषेक त्यागी और नगर संयोजक प्रफुल्ल वशिष्ठ के नेतृत्व में युवाओं का प्रतिनिधिमंडल एसडीएम एसके सिंह से मिला। अभाविप कार्यकर्ताओं ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। जिसमें दो राष्ट्रीय राजमार्गों के बाईपास मार्गों से जुड़े आजाद चौक पर महापुरुष स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा स्थापित कराने की मांग की गई। प्रतिनिधिमंडल में कौशल सिंह, अर्जित चौहान, आशीष राठौर, आकाश कुमार, तुषार माहेश्वरी, मोहित पंडित, आशीष शर्मा, कुश त्यागी, राहुल ठाकुर आदि शामिल रहे।