मंडावली के शेखुपुरा आलम में लंपी रोग से पीड़ित गोवंश।
- फोटो : NAZIBABAD
छह गांवों में 15 पशु लंपी रोग की चपेट में
मंडावली/भागूवाला। नांगलसोती के बाद अब मंडावली और भागूवाला के कई गांवों में लंपी रोग ने दस्तक दी है। करीब आधा दर्जन गांवों के 15 पशु इस बीमारी की चपेट में आ चुके हैं। पशुओं में लंपी रोग फैलने से पशुपालक चिंतित हैं।
मंडावली और भागूवाला क्षेत्र के गांव रामदासवाली, प्रीतमगढ़, मंझाड़ी, शेखुपुरा आलम, जसपुर काशीरामपुर के पशुओं में लंपी रोग तेजी से फैल रहा है। इन गांवों में 15 पशु इस बीमारी से ग्रस्त हैं। पशुपालक गोविंद सिंह, सोनू, हरिओम, सुमेर सिंह ने बताया कि पशुओं में बुखार होने पर पशु चिकित्सकों को सूचना दी गई थी, उन्हीं के द्वारा पशुओं का उपचार किया जा रहा है। भागूवाला पशु चिकित्सा केंद्र के प्रभारी के डॉ. कर्मवीर सिंह का कहना है कि मंडावली और भागूवाला में इस बीमारी से पीड़ित पशुओं के दो, तीन मामले सामने आए हैं। अभी ज्यादा पशु इस रोग से बीमार नहीं है। पीड़ित पशुओं का उपचार किया जा रहा है। पशुपालकों को पशुशाला में सफाई रखने, कीटनाशक छिड़काव करने, बीमार पशुओं को स्वस्थ पशुओं से अलग बांधने, पशुओं में बीमारी के लक्षण दिखने पर तुरंत पशु चिकित्सक को सूचना देने के प्रति जागरूक किया जा रहा है।