निर्माण कंपनी की ढील के चलते सुआहेड़ी बिजलीघर चालू होने में हो रही है देरी
प्रथम चरण में बिजनौर व नजीबाबाद तहसील का जुड़ेगा लोड
बिजनौर। निर्माण कंपनी की ढील के चलते सुआहेड़ी बिजलीघर चालू नहीं हो रहा है। अब सुआहेड़ी बिजलीघर के नौ या 10 जून को चालू होने की संभावना है। प्रथम चरण में सुआहेड़ी बिजलीघर से बिजनौर व नजीबाबाद तहसील को जोड़ा जाएगा। सुआहेडी बिजलीघर का निर्माण दस साल से चल रहा है। भारत हैवी इलेक्ट्रिकल कंपनी अर्थात बीएचईएल निर्माण कंपनी है। अधिशासी अभियंता ट्रांसमिशन अखिल महरौत्रा के अनुसार बिजलीघर बनकर तैयार है। बिजलीघर की क्षमता 400 एमवीए है। बिजलीघर ऊर्जीकृत होना है। इसकी जिम्मेदारी निर्माण कंपनी पर है। विभाग की ओर से निर्माण कंपनी को उर्जीकृत विशेषज्ञ इंजीनियर भेजने के लिए लगातार पत्र भेजे जा रहे हैं। जिले को नहटौर बिजलीघर से बिजली सप्लाई होती है। नहटौर बिजलीघर की क्षमता 420 एमवीए है। जबकि लोड़ 978 एमवीए चल रहा है। ओवरलोड़िग के चलते ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली कटौती हो रही है। डीएम ने 25 मई तक सुआहेड़ी बिजलीघर चालू कराने का भरोसा दिया था। यदि सब कुछ ठीक रहा तो 10 जून तक सुआहेड़ी बिजलीघर चालू हो जाएगा। सुआहेड़ी बिजलीघर पर 200-200 एमवीए के दो ट्रांसफारमर रखे गए हैं। पहले चरण में 200 एमवीए के ट्रांसफार्मर से बिजनौर तहसील का 100 एमवीए तथा नजीबाबाद तहसील का 103 एमवीए का अधिभार जोड़ा जाएगा। टेस्टिंग के बाद दूसरे ट्रांसफार्मर पर लोड डाला जाएगा।