मार्ग निर्माण के विरोध में प्रधान के खिलाफ प्रदर्शन
अफजलगढ़। भज्जावाला के ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान पर मनमाने ढंग से मार्ग का निर्माण कराने का आरोप लगाते हुए सोमवार को प्रदर्शन किया। आरोप है कि रास्ता निर्माण में दोनों साइड नाली का निर्माण नहीं किया जा रहा है। इससे घरों का पानी निकलने में दिक्कत का सामना करना पड़ेगा। बताया कि खेरूल्लापुर रोड से मेन रोड तक ग्राम प्रधान की ओर से 150 मीटर खड़ंजे का निर्माण कराया जा रहा है। जो मार्ग 18 फीट चौड़ा है, उस पर नौ फीट चौड़ा खड़ंज्जा लगाया जा रहा है। सड़क के दोनों तरफ नाली का भी निर्माण नहीं किया जा रहा है। जिसके चलते चौराहे पर जलभराव हो गया है। आरोप है कि प्रधान ने मनमानी कर ट्रांसफार्मर के पोल के समीप से मिट्टी उठवाकर सड़क पर डाल दी। इससे पोल गिरने का भी खतरा हो गया है। ग्रामीणों ने एसडीएम से जांच कर खड़ंजे के दोनों तरफ नाली और पुलिया निर्माण कराए जाने की मांग की है। इस दौरान अनिल चौधरी, पाकेश कुमार, जाकिर हुसैन, दयाराम, मनोहर सिंह, ओमप्रकाश सिंह, सुरेश मुकेश, आनंद सिंह, चंद्रपाल सिंह आदि मौजूद रहे। वहीं, ग्राम प्रधान याकूब ने ग्रामीणों के आरोपों को गलत बताया है।