गन्ना मूल्य के बराबर दाम पर मिले बीज
अफजलगढ़। भाकियू कार्यकर्ताओं की एक बैठक गांव मुरलीवाला में अनिल राठी के आवास पर हुई, जिसमें विभिन्न समस्याओं पर विचार विमर्श किया गया। रविवार को आयोजित बैठक में वक्ताओं ने कहा कि सरकार किसानों को गन्ने का मूल्य 325 रुपये प्रति क्विंटल दे रही है। उसी बीज को 400 रुपये क्विंटल दाम पर किसानों को बेचा जा रहा है। किसानों ने कहा कि जिस भाव पर उनका गन्ना खरीदा जा रहा है, उसी भाव से किसानों को गन्ने का बीज मिलना चाहिए। अन्यथा किसानों का गन्ना मूल्य भी कम से कम 400 रुपये प्रति क्विंटल किया जाए। साथ ही उन्होंने गन्ना मूल्य मिल से 14 दिन के भीतर दिलाने की मांग की। क्षेत्र में जंगली जानवरों का आतंक छाया है। वन विभाग के अधिकारियों से जंगली जानवरों पर अंकुश लगाए जाने और वन क्षेत्र में तार बाड़ व सोलर फेसिंग कराए जाने की मांग की है। बैठक का संचालन सरदार सोनू सिंह ने किया। इंद्रजीत सिंह, विजेंद्र सिंह, अनिल राठी, महेंद्र सिंह, राजेंद्र सिंह, जोगेंद्र सिंह, बलविंदर सिंह, राजेंद्र सिंह, ओमपाल सिंह, जगवीर सिंह आदि मौजूद रहे।