आढ़तियों को बांटी प्लास्टिक शीट
नजीबाबाद। मंडी परिषद की ओर से कृषि उत्पादन मंडी समिति ने 130 किसानों और आढ़तियों को सब्जी और फल उत्पाद रखने के लिए क्रेट और अनाज उतारने के लिए निशुल्क प्लास्टिक शीट बांटी। कृषि उत्पादन मंडी समिति के सचिव संभव तोमर एवं अर्जुन सिंह के नेतृत्व में मंडी समिति कार्यालय पर मंडी परिषद की ओर से क्रेट और प्लास्टिक शीट वितरण शिविर आयोजित किया गया। मंडी समिति सचिव संभव तोमर ने बताया कि किसानों की आय दोगुना करने के लिए उनके सब्जी एवं फल उत्पाद को लम्बे समय तक गुणवत्ता के साथ संरक्षित रखने के लिए क्रेट प्रदान की गईं हैं। उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत मंडी में अधिक माल लाने वाले किसानों और अधिक मंडी शुल्क देने वाले आढ़तियों को प्रथम चरण में क्रेट और प्लास्टिक शीट प्रदान की गईं हैं। उधर, मंडी समिति सचिव संभव तोमर ने किसानों से छमाही कूपन योजना का लाभ लेने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि मंडी में उत्पाद लाने वाले किसानों को पांच हजार रुपये प्रति गुणांक में एक कूपन प्रदान किया जाता है। आयुक्त के निर्देशन में निकाले जाने वाले ड्रॉ में भाग्यशाली किसान को 35 हार्स पावर का ट्रैक्टर इनाम स्वरूप दिया जाता है। उन्होंने किसानों से किसान दुर्घटना बीमा और खलिहान दुर्घटना बीमा का लाभ लेने की भी सलाह दी।