ट्रक की चपेट में आकर बाइक सवार की मौत
नूरपुर। स्योहारा रोड पर गांव बेड़ा सादात के पास ट्रक की चपेट में आकर बाइक सवार की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
सोमवार रात कस्बे के मोहल्ला इस्लामनगर निवासी शाहनवाज (30) मोहल्ले के ही जाफर के साथ बाइक द्वारा किसी काम से गांव बेड़ा सादात जा रहा था। दोनों स्योहारा मार्ग पर गांव बेड़ा सादात के पास पहुंचे तो पीछे से आ रहे ट्रक की चपेट में आकर दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें पीएचसी पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन दोनों को हायर सेंटर मुरादाबाद ले गए, लेकिन रास्ते में शाहनवाज की मौत हो गई। जाफर का मुरादाबाद में उपचार चल रहा है। परिजनों के अनुसार शाहनवाज चांदपुर रोड पर बाइक मिस्त्री था और चांदपुर रोड पर दुकान कर परिवार की गुजर कर रहा था। उसकी मौत से परिजनों में कोहराम मचा है। हादसे के बाद चालक ट्रक सहित फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दिया। मृतक के भाई नौशाद ने अज्ञात ट्रक चालक के विरुद्घ रिपोर्ट दर्ज कराई है।