धामपुर (बिजनौर)। इस बार गर्मी में बिजली उपभोक्ताओं को लो और हाई वोल्टेज की समस्या से परेशान नहीं होना पड़ेगा। विद्युत वितरण खंड प्रथम के एक्सईएन हरीश कुमार चौधरी ने बताया कि नए 78 बिजली के ट्रांसफार्मरों के लग जाने से अब यहां पर ट्रांसफार्मरों की संख्या 150 से ज्यादा हो गई है। पहले एक ट्रांसफार्मर के तकनीकी कारणों से फुंकने से कई मोहल्लों की बिजली आपूर्ति ठप हो जाती थी। पर अब ऐसा होने वाला नहीं है। यदि किन्हीं कारणों से ट्रांसफार्मर फाल्ट होता है तो उससे ज्यादा उपभोक्ताओं पर असर नहीं पड़ेगा। पता लगने पर दूसरे पास के ट्रांसफार्मर से जोड़ कर आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी। एक्सईएन ने बताया कि उपभोक्ताओं को और अधिक सुविधा देने को धामपुर नगर में स्थित 33/11 केवीए की क्षमता के बिजलीघर में लगी सभी नौ पुरानी मशीनों को बदला जा रहा है। तैयारी पूरी कर ली गई है। इसके अलावा दो दर्जन ट्रांसफार्मरों की क्षमता 100 से बढ़ाकर 250 केवी और चार की क्षमता 250 से बढ़ाकर 400 केवी की है।