नजीबाबाद। नगर के अधिवक्ताओं ने गांव बरमपुर और पूंडरीकला के बीच मालन नदी पर रपटा बनवाने के लिए प्रधानमंत्री को ज्ञापन भेजा।
बार संघ के संयुक्त सचिव देवप्रताप सिंह के नेतृत्व में अधिवक्ताओं का प्रतिनिधिमंडल सोमवार को प्रशासनिक अधिकारी बाबूराम रासैनी से मिला। अधिवक्ताओं ने प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारी को सौंपा। जिसमें गांव पूंडरीकला और बरमपुर के बीच मालन नदी पर रपटा बनवाने की मांग की गई। ज्ञापन में बताया गया कि मालन नदी पर रपटा न बना होने से किसानों को पशुओं के लिए चारा लाने में दिक्कत होती है। स्कूली बच्चों और ग्रामीणों को जान जोखिम में डालकर रोजाना नदी पार करनी पड़ती है। अधिवक्ताओं ने जनहित में रपटा पुल निर्माण की मांग की। प्रतिनिधिमंडल में सुधीर कुमार, पंकज विश्नोई, सलीम जावेद, धर्मवीर, अवधेश राजपूत, फहीम अहमद, आरिफ मुनव्वर आदि अधिवक्ता शामिल रहे।