स्योहारा में एजेंट से लूट की घटना के बारे में जानकारी लेती पुलिस।
स्योहारा (बिजनौर)। फ्यूजन माइक्रोफाइनेंस प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के एजेंट की बाइक गिरा कर दो बाइकों पर सवार चार अज्ञात बदमाशों 1.40 लाख रुपये छीन कर फरार हो गए। घटना स्थल स्योहारा व नूरपुर सीमा पर होने के कारण दोनों थानों की पुलिस सीमा विवाद में उलझी रही। बाद में मामला थाना स्योहारा में पाया गया। एसपी पूर्वी व सीओ अफजलगढ़ ने भी मौके पर पहुंच कर पीड़ित युवक से जानकारी ली।
बुधवार दोपहर लगभग 1:30 बजे फ्यूजन माइक्रोफाइनेंस प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के एजेंट सुखबीर सिंह पुत्र चरन सिंह निवासी ग्राम वगवाड़ा थाना आदमपुर जिला अमरोहा स्योहारा थाना क्षेत्र के ग्राम लमिया से समूह के 1 लाख 40 हजार रुपये का कलेक्शन कर नूरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम एडवा में जा रहा था। जब वह गांव के पास पहुंचा तो पीछे से दो बाइक पर सवार चार युवकों ने उसके सर पर डंडे से वार कर दिया, जिससे उसकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। जिसके बाद अज्ञात बदमाशों ने युवक से पैसों से भरा बैग छीन लिया और मौके से फरार हो गए।
घायल युवक ने मामले की जानकारी अपनी ब्रांच को दी। सूचना मिलने के बाद ब्रांच के अन्य एजेंट भी मौके पर पहुंच गए। दो थानों के बॉर्डर का मामला होने के कारण एसपी पूर्वी धर्म सिंह मार्छाल, सीओ अफजलगढ़ सर्वनाम सिंह, नूरपुर थाना अध्यक्ष नीरज शर्मा व स्योहारा थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव चौधरी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस अधिकारियों ने युवक से मामले की जानकारी ली। थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव चौधरी का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जिसके लिए टीमें गठित कर दी गई है जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।