बिजनौर। बिजनौर लोकसभा सीट पर बीते 72 वर्षों में 13.92 लाख मतदाता बढ़ गए हैं। 1952 में हुए पहले चुनाव में यह सीट बिजनौर डिस्ट्रिक्ट नार्थ-वेस्ट के नाम से जानी जाती थी। उस समय इस सीट पर केवल तीन लाख 81 हजार 477 मतदाता थे। तब से इस सीट पर मतदाताओं की संख्या चुनाव-दर-चुनाव बढ़ती गई। अब बिजनौर लोकसभा सीट पर मतदाता बढ़कर 17 लाख 33 हजार 372 हो गए हैंं। हालांकि बिजनौर लोकसभा सीट के अंतर्गत जिले की मात्र दो विधानसभा सीटें ही हैं। शेष दो विधानसभा क्षेत्र मुजफ्फरनगर और एक मेरठ जनपद का आता है। बिजनौर लोकसभा सीट 1952 में अस्तित्व में आई थी।
- 2009 में बदल गया लोकसभा सीटों का स्वरूप
बिजनौर लोकसभा सीट का स्वरूप 2009 में बदल गया। जनपद में बिजनौर के अतिरिक्त नगीना लोकसभा क्षेत्र भी अस्तित्व में आ गया। बिजनौर सीट के अंतर्गत जिले की बिजनौर और चांदपुर, मेरठ जनपद की हस्तिनापुर और मुजफ्फरनगर जनपद की मीरापुर व पुरकाजी विधानसभा सीटें आतीं हैं। इसके अलावा नगीना लोकसभा सीट के अंतर्गत जिले की नजीबाबाद, नगीना, नूरपुर, नहटौर और धामपुर विधानसभा सीटें आती हैंं। बढ़ापुर विधानसभा सीट मुरादाबाद लोकसभा सीट के अंतर्गत आती है।
- नगीना में 16.38 लाख मतदाता
नगीना लोकसभा सीट 2009 में हुए परिसीमन के बाद अस्तित्व में आई। इस सीट पर पहले चुनाव में समाजवादी पार्टी के यशवीर सिंह ने जीत हासिल की। वर्तमान में इस सीट पर कुल मतदाताओं की संख्या 16 लाख 38 हजार 329 है।