जिले में टीबी के 134 नए रोगी मिले
बिजनौर। जिले में चलाए गए सक्रिय क्षय रोगी खोज अभियान में टीबी के 134 नए रोगी मिले हैं। जिले में स्वास्थ्य विभाग को मिली मेडिकल मोबाइल वैन से, सीबीनॉट मशीन से बलगम की जांच के चलते चार दिन के भीतर 48 लोगों की जांच में 15 लोगों में टीबी के लक्षण पाए गए हैं। जिले में अब टीबी रोगियों की संख्या 6998 हो गई है। सभी का उपचार चल रहा है। जिले में 10 से 23 अक्तूबर तक सक्रिय क्षय रोगी खोज अभियान चलाया गया। जिला क्षय रोग अधिकारी बीएस रावत के अनुसार जिले में 134 नए रोगी मिले हैं। उन्होंने बताया कि टीबी रोगी समय से उपचार कराने के बाद वह पूर्णत: ठीक हो जाता है। टीबी के लक्षण मिलने पर घबराना नहीं चाहिए। जून माह में चलाए गए अभियान में 101 रोगियों के मिलने की पुष्टि हुई थी। जिले में 5287 रोगी सरकारी तथा 1711 प्राइवेट स्तर पर इलाज करा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस अभियान को सफल बनाने में जिले भर में 205 टीमें घर घर जाकर टीबी मरीजों को खोजने का काम कर रही थीं। इनकी निगरानी के लिए 40 पर्यवेक्षक, 14 नोडल अफसरों को लगाया गया है।