बेरोजगारों का ऋण न देने का आरोप
कासमपुरगढ़ी। प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के प्रचार प्रसार हेतु खादी एवं ग्रामोद्योग ने कार्यशाला का आयोजन किया। बेरोजगारों ने बैंकों पर ऋण न देने का आरोप लगाया। मुख्य बाजार स्थित गांधी चबूतरे पर आयोजित कार्यशाला में खादी एवं ग्रामोद्योग के सह निदेशक मेरठ गोपाल ने बताया कि प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम में खादी एवं ग्रामोद्योग के अंतर्गत उत्पादन ईकाई को पच्चीस लाख व सेवा इकाई के दस लाख का ऋण बैंक के माध्यम से दिया जाता है। इसके ऋण पर लगभग 30 प्रतिशत का अनुदान भी दिया जाता है। वहीं बेरोजगार मोहम्मद जुनैद, कृष्णपाल, मोहम्मद आमिर, दिनेश ने आरोप लगाया कि उन्होंने खादी ग्रामोद्योग से फाइलें भरी थी। हजारों खर्च करने के बाद भी बैंक ऋण नहीं देते हैं। खादी ग्रामोद्योग के अधिकारियों एवं मंत्री जनकल्याण समिति नरेश कुमार ने लोगों को उनकी समस्या का समाधान करने आश्वासन देकर शांत किया। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान हाजी हामिद हसन, कमल कुमार, नरेश कुमार रहे।