किसानों की आरसी काटने पर रोक लगाने की मांग
बिजनौर। राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन की मासिक बैठक में वसूली के लिए किसानों की काटी गई आरसी पर रोक लगाने की मांग की गई। संगठन का विस्तार किया गया।
गन्ना समिति में हुई बैठक में प्रदेश महासचिव कैलाश लांबा ने कहा कि किसानों को समय से भुगतान नहीं दिया जा रहा है, फिर भी प्रशासन उनकी आरसी काट रहा है। जब किसान को ही भुगतान नहीं मिल रहा तो वह अपना कर्ज कैसे उतारेगा। कलक्ट्रेट में हुए आंदोलन में आमरण अनशन करने वाले किसानों को सम्मानित किया गया। मलखान सिंह को ब्लॉक किरतपुर का अध्यक्ष, विवेक कुमार को मोहम्मदपुर देवमल का युवा ब्लॉक अध्यक्ष, नरेश कुमार व महावीर सिंह को जिला उपाध्यक्ष, उपेंद्र सिंह को ब्लॉक किरतपुर का अध्यक्ष व ओमपाल सिंह को नजीबाबाद तहसील का प्रभारी बनाया गया। इसके बाद किसानों ने डीएम कार्यालय में ज्ञापन दिया। ज्ञापन में किसानों की आरसी काटने पर रोक लगाने, गांव स्वाहेड़ी में मेडिकल कॉलेज निर्माण कार्य शुरू कराने, गन्ना भुगतान शुरू कराने, मिलों में भूसे की बिक्री पर रोक लगाने, गन्ने से लदे ट्रक दिन में चलने पर रोक लगाने की मांग की गई। इस दौरान जिलाध्यक्ष विनोद कुमार, महिपाल तोमर, राजपाल भगत, अंकुर चौधरी, नरेंद्र सिंह, अचल शर्मा, अमित कुमार, राकेश कुमार आदि मौजूद रहे।