हाईवे के गहरे गड्ढे हादसों के दे रहे दावत
मंडावली/नजीबाबाद। नजीबाबाद से होकर गुजरने वाला नेशनल हाईवे 74 तीर्थ नगरी हरिद्वार पहुंचने का मुख्य मार्ग है। नगर से लेकर हरिद्वार तक नेशनल हाईवे कई स्थानों पर बेहद खस्ताहाल है। हालांकि नेशनल अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने नगर के मोलगोदाम, पूजा अस्पताल, मोटाआम क्षेत्र के गहरे गड्ढों की फिलिंग कार्य तो कराया लेकिन उसे बीच ही बंद कर दिया। जिससे मालन नदी पुल, अदब सिटी, साहनपुर क्षेत्र में गड्ढे वाहनों के आवागमन से और गहरे हो गए। मंडावली क्षेत्र में गांव करौली, मोहनपुर, मुस्सेपुर, राहतपुर, मोटाआम के सामने हाईवे पर गड्ढे राहगीरों के लिए मुसीबत बने हैं। क्षेत्रीय नागरिक रणवीर सिंह, भूपेंद्र सिंह, अमित कुमार, प्रसाद चौधरी, सचिन कश्यप, सतेंद्र कुमार, इकबाल अहमद, तसलीम, संदीप बजाज आदि का कहना है कि नेशनल अथॉरिटी की लापरवाही से तीर्थ नगरी पहुंचाने वाला मार्ग बदहाल है। वाहन चालकों को खतरनाक गड्ढों से जोखिम भरा सफर तो तय करना पड़ रहा है साथ-साथ उनके वाहनों की सेहत को भी गहरे गड्ढे नुकसान पहुंचा रहे हैं। नागरिकों ने प्रशासन से क्षतिग्रस्त हाईवे की मरम्मत कराने की मांग की है।