बिजनौर। गांव रसूलपुर पित्तनका के उचित दर विक्रेता दारा सिंह ने चेकिंग करने आए जिला क्रीड़ा अधिकारी पर रिश्वत के तौर पर पांच हजार नहीं देने पर डीएम को झूठी रिपोर्ट देने का आरोप लगाया है। डीएम को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि 22 अगस्त को जिला क्रीड़ा अधिकारी करीब एक बजे उसकी सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान पर पहुंचे। दारा सिंह के मुताबिक उस समय पर वह दुकान पर नहीं था। वह अपने दोस्तों के यहां ईद की दावत पर चला गया था। घर से उसकी पत्नी का फोन आया कि दो व्यक्ति दुकान का निरीक्षण करने की बात कह रहे हैं। आरोप है कि दोनों ने उसकी पत्नी से कहा कि उसका पति 50 हजार रुपये महीना कमाता है। इसलिए पांच हजार रुपये दे दो नहीं तो जिलाधिकारी के समक्ष झूठी रिपोर्ट दी जाएगी। उन्होंने फोन पर भला-बुरा कहते हुए पत्नी से पांच हजार रुपये देने की बात कही। इसकी रिकार्डिंग उसके पास है। जिला क्रीड़ाधिकारी जयवीर सिंह ने बताया कि आरोप निराधार हैं। जांच के लिए डीएम के आदेश पर वे निरीक्षण करने गए थे।