नूरपुर। सोमवार की शाम रामगंगा नहर में डूबे व्यक्ति का बृहस्पतिवार को शव मिल गया। उसके पोते का अभी तक पता नहीं लगा है। पुलिस और ग्रामवासी बच्चे की तलाश में नहर को खंगाल रहे हैं। शिवाला कलां थाने के गांव नजरपुर निवासी शौकीन और उसका पोता अफसान सोमवार की शाम रामगंगा नहर में डूब गए थे। सोमवार की रात और मंगलवार को परिजनों ने ग्रामवासियों के साथ दोनों की काफी तलाश की। उनका पता नहीं लगा। पीएसी के गोताखोरों की भी मदद ली गई। बाद में प्रशासन की अनुमति लेकर खो बैराज शेरकोट से नहर का पानी बंद कराया। इसके बाद बुधवार को डूबने के स्थान से कुछ दूर शौकीन का शव बरामद हो गया, लेकिन बच्चे अफसान का अभी तक कुछ पता नहीं लगा है। बच्चे की तलाश में ग्रामवासी अभी भी नहर में तलाशी अभियान चला रहे हैं।