फर्श पर ग्रीस लगाने से कई यात्री फिसले
स्योहारा (बिजनौर)। रेलवे स्टेशन पर प्लेटफार्म के फर्श पर लगाए ग्रीस के कारण कई यात्री फिसलकर गिर गए।
स्योहारा रेलवे स्टेशन का सौंदर्य करण किया जा रहा है प्लेटफार्म नंबर एक पर पुराना फर्श तोड़ कर नया फर्श बनाया जा रहा है। ठेकेदार की ओर से फर्श को तीन इंच ऊंचा बनाया जा रहा है । जहां फर्श बनाया गया है वहां लगाए गए पत्थरों को चिकना करने के घिसाई नहीं करनी पड़े इसके लिए पत्थरों पर ग्रीस लगाया जा रहा है। शनिवार शाम मुरादाबाद जाने वाली पैसेंजर ट्रेन में बैठने के लिए एक महिला जैसे ही प्लेटफार्म पर दौड़ी ग्रीस के कारण महिला फिसल गई। रेलवे पुलिस के सिपाही अशोक ने महिला को उठाकर किसी तरह ट्रेन में बैठाया। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश संयोजक बदर खान ने बताया कि तीन दिन पहले फर्श पर ग्रीस लगाया गया था। तब से अब तक आठ से अधिक यात्री ग्रीस के कारण फिसल कर गिर पड़े हैं। स्टेशन मास्टर सतवीर सिंह का कहना है कि निमार्ण कार्य ठेकेदार की ओर से किया जा रहा है वह प्लेटफार्म पर ग्रीस क्यों लगा रहा है इसके बारे में ठेकेदार ही बता पाएगा।