अफजलगढ़। गांव तुरतपुर निवासी एक व्यक्ति के गन्ना खेत में गन्ना छुलाई के दौरान चार गुलदार दिखाई देने से वहां काम कर रहे मजदूरों में हड़कंप मच गया। मजदूरों गुलदार के खौफ की वजह से खेतों से भाग खड़े हुए। एक साथ चार गुलदार दिखाई देने से गांववासियों में दहशत का माहौल है। गांव के सरजीत सिंह, मिलखी सिंह, काले सिंह, मोना सिंह, सुनील नारायण का कहना है कि क्षेत्र में लगातार गुलदार की चहलकदमी बढ़ रही है। शनिवार को नीमखाल वाले बाबा मंदिर मार्ग पर सरजीत सिंह की डेयरी के निकट मिलखी सिंह के खेत में आठ दस मजदूर गन्ना छुलाई व गन्ना भर रहे थे। अचानक मजदूरों को एक साथ चार गुलदार दिखाई पड़े। उनके होश उड़ गये। एक साथ चार चार गुलदार दिखाई देने से भय व्याप्त है। उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों को इसकी सूचना दी। गुलदार न पकड़े जाने से गांववासियों में वन विभाग के खिलाफ आक्रोश पनप रहा है। डिप्टी रेंजर श्यामलाल यादव का कहना है कि टीम भेजकर गुलदार को पकड़ने की कोशिश की जाएगी।