किसानों की समस्याओं पर चिंता जताई
चांदपुर। भाकियू की पंचायत में किसानों की समस्याओं पर चिंता व्यक्त करते हुए समाधान की मांग की गई। किसान क्रांति यात्रा में पूरे समय सहयोग करने वाले क्षेत्र के किसानों को सम्मानित किया। गन्ना समिति में रामपाल सिंह की अध्यक्षता और खुशपाल सिंह के संचालन में हुई पंचायत में वक्ताओं ने किसान क्रांति यात्रा के दौरान किसानों पर लाठी चार्ज की निंदा की। पंचायत में चीनी मिलों द्वारा किसानों का बकाया भुगतान शीघ्र कराने, सरकार द्वारा तय तिथि पर चीनी मिलों को चलाने, चांदपुर अधीक्षण अभियंता द्वारा किसानों से किए अभद्र व्यवहार को सुधारने, किसानों की जर्जर विद्युत लाइन बदलवाने, फीना-धनौरा मार्ग का टेंडर खुलवाने, विधायक वीडियो मामले में जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने, खादर क्षेत्र में नहर के पानी से खराब हुई धान की फसल की जांच कर मुआवजा दिलाने, ट्रांसफार्मर की लोड के अनुसार क्षमता बढ़ाने की मांग उठाई। पंचायत में किसान क्रांति यात्रा में पूरे समय तक सहयोग करने वाले किसानों को अंगोछा ओढ़ाकर सम्मानित किया। पंचायत में लुधियान सिंह, कुलदीप सिंह, नौवहार सिंह, शीशपाल सिंह, दलेल सिंह, चेतन सिंह, कल्याण सिंह, तेजवीर सिंह, नैन सिंह, मुखिया रामफल सिंह आदि रहे।