गांधी जयंती मनाने के दिए निर्देश
बिजनौर। डीएम अटल कुमार राय ने गांधी जयंती को धूमधाम के साथ मनाने के निर्देश दिए। डीएम अटल कुमार राय के मुताबिक दो अक्टूबर को सुबह 6.15 से 7.15 बजे तक स्कूली बच्चों द्वारा नगर में प्रभात फेरी निकाली जाएगी। प्रभात फेरी प्रदर्शनी मैदान से शुरू होगी। एसडीएम सदर की देखरेख में शिक्षा विभाग के अधिकारी व स्कूलों के शिक्षकों को इसकी जिम्मेदारी सौंपी गई है। सुबह आठ बजे सभी सरकारी और अर्द्ध सरकारी भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। सभी विभागाध्यक्ष मौजूद रहेंगे। स्कूलों में वाद विवाद प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। प्रात: नौ बजे से नेहरू स्टेडियम में 60 वर्ष से अधिक आयु के लोगों के स्वास्थ्य का परीक्षण किया जाएगा। जिला क्रीड़ा अधिकारी की देखरेख में 60 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्तियों की 400 मीटर की दौड़ और महिलाओं की 100 मीटर की दौड़ होगी। 12 वर्ष से अधिक आयु के बालक और बालिकाओं की 100 व 400 मीटर दौड़, बालिका वर्ग की 800 मीटर दौड़ होगी। पंचायतों और सार्वजनिक स्थानों पर सांप्रदायिक सद्भाव और अस्पृश्ता निवारण विषयों पर गोष्ठी होंगी। जिसमें मुख्य विकास अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी और बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारी उपस्थित रहेंगे। एक से 15 अक्टूबर तक जिले में स्वच्छता पखवाड़ा अभियान चलाया जाएगा। इस बीच वाल्मीकि बस्ती में भी गोष्ठी आयोजित करने के निर्देश दिए गए। प्रात: नौ से 10 बजे तक गांधी पार्क में रामधुन, भजन गोष्ठी आयोजित होगी। डीएम भी गोष्ठी में उपस्थित रहेंगे। शक्ति चौराहे पर पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की मूर्ति पर माल्यार्पण किया जाएगा।