बिजनौर। चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण कर्मचारी संयुक्त परिषद ने जिला मलेरिया अधिकारी पर आए दिन किसी न किसी स्वास्थ्य कर्मी से अभद्रता करने का आरोप लगाया है। परिषद ने एकजुट होकर इन्हें आहरण वितरण अधिकारी के कार्यभार से मुक्त कर इनकी मूल तैनाती पर भेजने की मांग की है। स्वास्थ्यकर्मियों ने चेतावनी दी है कि यदि दो दिन के भीतर इस पर ठोस निर्णय नहीं लिया गया तो एक अक्तूबर से सीएमओ का घेराव कर कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया जाएगा। शुक्रवार को जिलाध्यक्ष टीकम सिंह सेंगर के नेतृत्व में परिषद से जुड़े स्वास्थ्य कर्मी एकत्र हुए और सीएमओ राकेश कुमार मित्तल को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि जिला मलेरिया अधिकारी ब्रजभूषण सिंह का संगठन के पदाधिकारियों के प्रति व्यवहार ठीक नहीं है। आए दिन ये किसी न किसी स्वास्थ्य कर्मी से अभद्र व्यवहार करते रहते हैं। सीएमओ ने इन्हें आहरण वितरण अधिकारी का अतिरिक्त चार्ज दिया है। आरोप है इन्होंने कर्मचारियों के वेतन जारी नहीं किया है। ज्ञापन देने वालों में जिला मंत्री मोहम्मद सलीम, महिपाल सिंह, नरेंद्र सिंह, मिथलेश कुमार, देवेंद्र कुमार, संजीव कुमार, दलीप कुमार, जीपी सिंह, कु. वर्षा, प्रदीप रावत आदि शामिल रहे।