पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग
नहटौर। गांव पालीजट में रामपाल सैनी और कृपाल सैनी के बीच हुए विवाद में सिपाही वीरपाल और होमगार्ड मुकेश मौके पर पहुंचे थे। सिपाही ने कई लोगों पर हमला करने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस मामले में शुक्रवार को दर्जनों ग्रामीणों ने थाने पहुंचकर निष्पक्ष जांच की मांग की। ग्रामीण थाने में आकर नीचे बैठ गए। भाजपा के पूर्व नगर अध्यक्ष महावीर सैनी के साथ आए ग्रामीण चंद्रपाल सिंह, शीशराम सिंह, नंदराम सिंह, पवन कुमार, सरिता, गुड्डी, कमलेश आदि ने कहा कि सिपाही के ऊपर हमला करने के मामले को पुलिस ने बढ़ा चढ़ाकर रिपोर्ट दर्ज की है। देखने और आने जाने वालों के खिलाफ भी पुलिस कार्रवाई कर रही है। कोतवाल अजय कुमार ने ग्रामीणों से वार्ता कर निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दिया।