बिजनौर । आरबीडी महिला महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना का चौथा दिन युवा कौशल दिवस एवं डिजिटल इंडिया के रूप में मनाया गया। गांव तिमरपुर में आयोजित शिविर में स्वयं सेविकाओं ने गांव में घर घर जाकर युवाओं को मोबाइल से प्रतियोगी परीक्षाओं के फार्म भरने, ईमेल आईडी बनाने, नेट बैंकिंग से एक खाते से दूसरे खाते में रुपये ट्रांसफर करने के बारे में बताया। मुख्य वक्ता डा. यश अग्रवाल ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही युवा कौशल विकास योजना के अंतर्गत प्रशिक्षित अल्पसंख्यकों को चार से दस हजार रुपये की छात्रवृत्ति का प्रावधान है। इसके अंतर्गत सभी कोर्स नि:शुल्क हैं। युवा कौशल विकास के मैनेजर अनीस अहमद ने बताया कि 14 से 35 साल तक के बेरोजगारों को नि:शुल्क रोजगारपरक योजनाओं का प्रशिक्षण दिलाया जा रहा है और एनसीवीटी का प्रमाण पत्र भी दिया जाता है। इस प्रमाण पत्र पर बैंकों से बिना किसी गारंटी के दस लाख रुपये तक का ऋण प्राप्त होता है। आयोजन में इवैनूर, मानसी, नीता, मुमताज, सोनिया, अज्मी, साक्षी का योगदान रहा।