विद्युत लाइन की चपेट में आकर महिला झुलसी
नगीना। गांव तेलीपुरा निवासी चंद्रवीर की पत्नी कमलेश (30) बुधवार दोपहर परिजनों के लिए खाना देने खेत पर गई थी। इसी बीच खेत में लगे नलकूप की विद्युत लाइन का तार टूट कर गिर पड़ा। कमलेश तार की चपेट में आ गई और बुरी तरह झुलसकर बेहोश हो गई। खेत पर मौजूद ससुर धर्मवीर, परिवार के अन्य सदस्य उसे तत्काल नगीना सीएचसी लाए जहां से उसे बिजनौर रेफर कर दिया। सूचना मिलते ही भारतीय किसान यूनियन के तहसील अध्यक्ष वीर सिंह ड्वास, गांव के ब्रह्मपाल, नरेंद्र, सोनू कुमार, बलजीत, जयपाल, अंकित, भूदेव, विनय कुमार भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने तत्काल विद्युत विभाग के जेई पीएस राणा को घटना की जानकारी दी और जर्जर तारों को बदलवाने की मांग की।