एसडीएम के नेतृत्व में हटवाए पोस्टर, होर्डिंग्स
नजीबाबाद। लोकसभा चुनाव की तिथियां घोषित होते ही आचार संहिता के अनुपालन में प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू किया। आचार संहिता लगते ही एसडीएम उमेश कुमार मिश्र, तहसीलदार राधेश्याम शर्मा, थाना प्रभारी संजय कुमार पांचाल के नेतृत्व में माल गोदाम चौराहे, रेलवे स्टेशन चौराहे से राजनीतिक पार्टियों के पोस्टर, बैनर हटाने का अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान प्रशासन ने राजनीतिक दलों द्वारा चप्पे-चप्पे पर लगाए गए पोस्टर ,बैनर हटाए। एसडीएम उमेश कुमार मिश्र नेतृत्व में नगर पंचायत साहनपुर, नगर पंचायत जलालाबाद में भी राजनीतिक पोस्टर हटाने का अभियान चलाया गया। एसडीएम उमेश कुमार मिश्र ने बताया आचार संहिता का किसी भी प्रकार का उल्लंघन करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी राजनीतिक दल के पोस्टर, बैनर या वॉल पेंटिंग पाई जाती है तो संबंधित पार्टी के नेताओं के विरुद्ध कठोर से कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने राजनीतिक दल के नेताओं से अपनी-अपनी प्रचार सामग्री स्वयं हटाने के सख्त निर्देश दिए।