मुख्य चौराहों पर जाम से बढ़ी परेशानी
नजीबाबाद। नगर के कृष्णा टाकीज चौराहे पर राहगीर घंटों जाम में फंसे रहे। चौराहे से वाहनों और ई रिक्शाओं के बेतरतीब गुजरने से पुलिस को लगने वाले जाम को खुलवाने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। चौराहे पर प्रतिदिन कई बार जाम से लोगों को जूझना पड़ता है। सोमवार को करीब 12 बजे चौराहे पर जाम लग गया। नजीबाबाद-हरिद्वार नेशनल हाईवे पर कृष्ण टाकीज चौराहे से हरिद्वार दिशा में मोटाआम चौराहे और मालगोदाम तक छोटे-बड़े वाहनों की लंबी कतार लग गई। हरिद्वार से बिजनौर, कोटद्वार, नगीना, कोतवाली जाने वाले राहगीरों को घंटों जाम में फंसे रहे। हरिद्वार से कांवड़ लेने जा रहे दूर दराज के शिवभक्त कांवड़ियों और राहगीरों को परेशानी झेलनी पड़ी। जिससे पुलिस को जाम खुलवाने के लिए कड़ी मशक्कत करने पड़ी। क्षेत्रीय नागरिक अभिनव अग्रवाल, सुरेश, शाहिद सिद्दीकी, नईम टाटा, शुभम, सचिन कश्यप, राहुल, ललित, अंशुल, रवि आदि का कहना है कि भारी वाहनों के नगर से गुजरने और वाहनों के बेतरतीब निकलने से जाम की स्थिति कृष्णा टाकीज चौराहे पर बनी रहती है। क्षेत्रीय नागरिकों ने नगर से बाईपास मार्ग से भारी वाहनों को निकालने तथा चौराहे पर पुलिस की व्यापक व्यवस्था करने की मांग की है।