फर्जी वसीयत करा जमीन कब्जाने का आरोप
बिजनौर। उत्तराखंड के किसान सहकारी चीनी मिल्स लिमिटेड नादेही, जसपुर जिला ऊधमसिंह नगर निवासी शारदा शर्मा ने प्रधानमंत्री को भेजे प्रार्थना पत्र में बताया कि गांव रोशनपुर प्रताप निवासी उसके पति नरोत्तम चंद्र के सगे चाचा रामऔतार शर्मा अविवाहित थे और अपने आवास पर अकेले रहते थे। नरोत्तम जसपुर चीनी मिल में नौकरी करते हैं और अपने परिवार के साथ चीनी मिल कॉलोनी में रहते हैं। उनके चाचा ने सेना से रिटायर होने के बाद वर्ष 1978 में करीब एक एकड़ कृषि भूमि खरीदी थी। 2013 में उनकी मौत हो गई। आरोप है कि गांव हसूपुरा निवासी एक व्यक्ति ने उनकी कृषि भूमि पर अवैध रूप से कब्जा कर वसीयत पर आपत्ति कर दी। 2013 में जब उससे जमीन छोड़ने को कहा गया तो उसने महिला के पति को डरा धमकाकर आपत्ति निरस्त करा दी और एसडीएम के यहां कोई सबूत प्रस्तुत नहीं किया। महिला ने मामले की जांच करा आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।