बिजनौर। गणतंत्र दिवस 2019 के लिए डाक विभाग डिजाइनर टिकट प्रतियोगिता आयोजित कर रही है। प्रतिभागी अहिंसा परमो धर्म: विषय पर डिजाइनर डाक टिकट तैयार कर इसे डाकघरों में भेजेंगे। प्रतियोगिता दो श्रेणी में होगी। पहली में 18 साल से कम तथा दूसरी में 18 वर्ष से अधिक आयु वाले प्रतिभागी शामिल हो सकते हैं। डाक अधीक्षक मोहनलाल शर्मा के अनुसार प्रथम स्थान पाने वाले प्रतिभागी को डाक विभाग की ओर से 25 हजार, द्वितीय पुरस्कार के रूप में 15 एवं तीसरे विजेता को दस हजार रुपए का पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अलावा पांच प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार के रूप में दो-दो हजार रुपए दिए जाएंगे। डाक अधीक्षक ने बताया कि बनाए गए डिजाइनर टिकट का महत्व होना चाहिए। प्रतिभागी अपने आर्ट को नजदीकी डाकघरों में 17 दिसंबर तक जमा कर सकते हैं। डिजाइनर टिकट के पीछे प्रतिभागी का नाम, पता, उम्र, लिंग, मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी आदि अंकित होने चाहिए।