बिजनौर। कोतवाली शहर पुलिस व यातायात पुलिस ने बाइक रैली निकालकर राहगीरों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया। एसपी सिटी डा. दिनेश सिंह ने कोतवाली शहर से रैली को झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन कराने में पुलिसकर्मी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। पुलिसकर्मी खुद बाइक पर हेलमेट लगाकर चलेंगे तो जनता भी प्रेरित होगी। शहर कोतवाल बिजेंद्रपाल राणा के नेतृत्व में बाइक रैली निकाली गई। रैली शास्त्री चौराहा, सिविल लाइंस, डाकघर चौराहा, मुख्य बाजार, सर्राफा बाजार, बुखारा चुंगी आदि से होते हुए कोतवाली शहर में जाकर समाप्त हुई। रैली में पुलिसकर्मियों ने शराब पीकर वाहन न चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल का प्रयोग न करने, चौपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट व दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट लगाने संबंधी नारे लिखे बैनर हाथ में ले रखे थे। इस दौरान एसएसआई नरेंद्र गौड़, यातायात प्रभारी सुरेंद्र सिंह, एसआई देवेंद्र सिंह, जगत सिंह, पवन कुमार, मुनेश सिंह, धर्मेंद्र सिंह, राजकुमार राणा आदि मौजूद रहे।