किसानों में गुलदार का भय
अफजलगढ़। गुलदार का क्षेत्र के गांवों में आतंक है। गुलदार एक के बाद एक पशुओं को निशाना बना रहा है। मंगलवार रात गुलदार ने गांव कादराबाद में बलबीर पुत्र साधु सिंह के खेत में एक बछडे़ को निवाला बना दिया। गुलदार के आतंक के भय की वजह से लोगों ने खेतों पर जाकर काम करना बंद कर दिया। मंगलवार को केहरीपुर की केला देवी की बकरी को गुलदार ने उस समय निवाला बना लिया। जंगल में वह बकरियों को चरा रही थी। ग्रामीण काकू, नगेंद्र, जीत सिंह, भजनवीर सिंह, राममेहर का कहना है कि उन्होंने कई बार वन विभाग के अधिकारियों को गुलदार को पकड़वाने की मांग की है। उधर, डिप्टी रेंजर श्यामलाल यादव का कहना है कि मामला संज्ञान में है। टीम भेजकर समाधान का प्रयास किया जाएगा।