बंदरों के हमले में छत से गिरा अधेड़, मौत
शिवाला कलां। गांव नवादा निवासी नरेंद्र सिंह (55) बुधवार दोपहर किसी काम से मकान की छत पर चढ़े थे। अचानक बंदरों के एक झुंड ने उन पर हमला बोल दिया। बंदरों के हमले से घबराकर नीचे उतरने के प्रयास में वह छत से नीचे गिर गए। सिर में गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। नरेंद्र सिंह की मौत से उनके परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। ग्रामीणों के अनुसार गांव में बंदरों की संख्या काफी अधिक है और वह अचानक किसी पर भी हमला कर देते हैं। उन्होंने प्रशासन से बंदरों को गांव से पकड़वाने की मांग की है।