जीपीएफ पटल परिवर्तन का विरोध
बिजनौर। यूपी मेडिकल पब्लिक हेल्थ मिनिस्ट्रियल एसोसिएशन की जनपदीय शाखा ने मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय में सीएमओ द्वारा किए गए जीपीएफ पटल परिवर्तन का विरोध किया है। बुधवार को जिलाध्यक्ष मोहम्मद अहमद, वरिष्ठ उपाध्यक्ष देवेंद्र कुमार, जिला मंत्री सुजीत कुमार ने सीएमओ शरद कुमार त्यागी को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय में सुजीत कुमार पिछले कई वर्षों से जीपीएफ संबंधी कार्यों का सुचारु एवं कर्तव्यनिष्ठा से संचालन कर रहे हैं। आरोप है कि बिना किसी कारण और शिकायत के ही सीएमओ द्वारा सुजीत के कार्य का पटल परिवर्तन कर जीपीएफ पटल कार्यालय की सह प्रधान सहायक और उर्दू अनुवादक निसार फात्मा को दे दिया गया। जिलाध्यक्ष के मुताबिक उत्तर प्रदेश के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं निदेशक प्रशासन द्वारा जारी ड्यूटी लिस्ट के अनुसार जीपीएफ पटल का कार्य वरिष्ठ सहायक की ड्यूटी में आता है। इसके बावजूद नियम विरुद्ध पटल परिवर्तन कर दिया गया। एसोसिएशन इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। सीएमओ से आदेश निरस्त कराने की मांग की गई है।