अफजलगढ़। गांव माननगर में लोकसभा सांसद कुंवर सर्वेश कुमार ने 13.5 किमी लंबी सड़क का शिलान्यास किया। सांसद ने बताया कि इसमें 26.5 करोड़ की लागत आएगी। इसके निर्माण से माननगर, शाहपुरजमाल, हसनपुर, बादशाहपुर, मच्छमार, मौहम्मदपुर राजौरी से होते हुए सुआवाला सुरजननगर जुड़ जाएंगे। वहीं गांव माननगर से शाहपुर जमाल मार्ग पर बनैली नदी पर 90 मीटर, पीली नदी पर 45 मीटर लंबाई वाले पुल का भी निर्माण किया जाएगा। पुल निर्माण से बरसात में बाढ़ से प्रभावित होने वाले गांवों को बड़ी राहत मिलेगी। सांसद ने कहा कि सबसे अधिक विकास का कार्य भाजपा शासन में हुआ है। उन्होंने पांच साल जनता की नि:स्वार्थ सेवा की है। कहा हमारी सरकार ने बिना किसी भेदभाव के सभी वर्गों के लोगों के लिए विकास कार्य कराये। गांववासियों से केंद्र की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया। लोक सभा चुनाव में भाजपा को भारी बहुमत से जीताने का आह्वान किया। मंच की अध्यक्षता बलराम सिंह व संचालन नत्थू सिंह ने किया। इस मौके पर जेई पीडब्ल्यूडी विभाग के अवनीश वर्मा, प्रधान के पति अनिल कुमार, ज्ञानचंद सिंह, तिर्मल सिंह, नंदराम सिंह, लेखराज सिंह आदि लोग उपस्थित रहे।