मृतक के बच्चों को दी आर्थिक मदद
नहटौर। सप्ताह भर पूर्व सड़क दुर्घटना में दंपति की मौत होने के बाद स्कूल प्रबंधन कमेटी ने उसके घर पहुंचकर 11.5 हजार की आर्थिक सहायता और उसकी बेटी को स्कूल में नौकरी देने का वायदा किया। ग्राम रुखड़ियो निवासी महेश कुमार और उसकी पत्नी सुमन रानी की एक सप्ताह पूर्व हल्दौर चौराहे पर ट्रक की टक्कर से मौत हो गई थी। सुमन नगर के टीसीए कान्वेंट स्कूल में नौकरी करती थी। स्कूल के एमडी अफताब सिद्दीकी, इमरान अहमद, मोहम्मद जाहिद, विक्रांत चौहान आदि ने गांव रुखड़ियों में जाकर मृतक के परिवार से मिले। उन्होंने मृतक के बच्चों को साढ़े ग्यारह हजार की आर्थिक सहायता दी। इसके अलावा एक लड़की को स्कूल में नौकरी देने का वायदा किया। उधर, बसपाइयों का भी एक प्रतिनिधिमंडल मृतक के परिवार से मिला। उन्होंने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए मृतकों के परिवार को 50 हजार की धनराशि आर्थिक मदद के रूप में दी। इस मौके पर बसपा नेता ग्रीश चंद्र, अखिलेश, हितैषी, मनोज सैनी, नरेश कुमार आदि रहे।