बिजनौर। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र व प्रदेश सरकार के खिलाफ किया जाने वाला प्रदर्शन तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एम करुणानिधि के निधन के कारण स्थगित कर दिया गया है। बैठक कर पार्टी कार्यकर्ताओं से 2019 के लोकसभा चुनाव के लिए कमर कसने का आह्वान किया गया। पार्टी कार्यालय पर हुई बैठक में जिलाध्यक्ष बाबू डूंगर सिंह ने कहा कि कार्यकर्ता अभी से 2019 के चुनाव की तैयारी में जुट जाएं। घर घर जाकर कांग्रेस की नीतियां बताएं। जनता से संवाद करके उन्हें कांग्रेस से जोड़ने का काम करें। उन्होंने बताया कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने कार्यकर्ताओं को जोड़ने व संवाद करने के लिए शक्ति कार्यक्रम शुरू किया है। जिलाध्यक्ष ने एम करुणानिधि को कद्दावर व ईमानदार नेता बताया। कहा कि उनकी जगह कोई नहीं ले सकता है। उनकी आत्मा शांति के लिए दो मिनट का मौन धारण किया गया। संचालन जिला महासचिव नजाकत अलवी ने किया। बैठक में पूर्व विधायक सतीश गौतम, गजंफरउल्ला खां, कुलमणि त्यागी, मुनीश त्यागी, शेर सिंह, अरशद प्रिंस, उमराव सिंह थौलिया, बलराम सिंह, डा. राजवीर सिंह आदि मौजूद रहे।