डाक कांवड़ का वाहन गड्ढे में गिरा, आधा दर्जन श्रद्धालु घायल
नगीना (बिजनौर)। डाक कांवड़ का वाहन अनियंत्रित होकर गड्ढे में गिरने से वाहन चालक सहित आधा दर्जन कांवड़िये घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों का प्राथमिक उपचार कराया और वाहन को गड्ढे से निकाल कर कांवड़ियों को सकुशल रवाना कर दिया। मुरादाबाद के गांव रसूलपुर निवासी कांवड़ियों का जत्था हरिद्वार से कांवड़ लेकर डीसीएम वाहन से सोमवार सुबह गांव की ओर जा रहा था। सुबह चार बजे नगीना-बुंदकी मार्ग पर गांव मुगलवाला के पास जब डीसीएम पहुंचा तो वाहन अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे गड्ढे में जा गिरा। इसमें चालक राजेंद्र, कांवड़िया महेंद्र, भुवनेश, पंकज समेत आधा दर्जन श्रद्धालु चोटिल हो गए। सूचना पर थाना प्रभारी एसके सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने कांवड़ियों को एक प्राइवेट चिकित्सक के यहां उपचार कराया और डीसीएम को गड्ढे से निकलवाकर उसे भी रवाना कर दिया। उन्होंने बताया कि यह घटना वाहन के ड्राईवर को नींद की झपकी लगने से हुई, किसी को गंभीर चोट नहीं आई हैं।