बिजनौर। दो व्यापारियों की किसान के खेत से अवैध खनन करने की पुलिस से शिकायत करनी महंगी पड़ गई। पुलिस ने उल्टे किसान का ही चालान कर दिया।
किरतपुर थाने के गांव शाहबपुरा रतन निवासी संजय ने एसपी से शिकायत की है कि वह गांव के किसान भंवर सिंह के यहां नौकरी करता है। पशुओं व जमीन की देखभाल करने का उसका काम है। 27 दिसंबर की सुबह संजय भंवर के खेत में पानी देने के लिए जंगल गया था। वहां किरतपुर के मोहल्ला झंडा निवासी व्यापारी विकास रस्तोगी व उसका भाई विकल रस्तोगी गांव का जितेंद्र शर्मा भंवर सिंह की जमीन में अवैध खनन कर रहे हैं। संजय ने उन्हें ऐसा करने से रोका तो दोनों भाइयों ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए जाति सूचक शब्दों का प्रयोग किया। इसके बाद संजय के साथ मारपीट की व जान से मारने की धमकी दी। आसपास के खेत में काम करने वाले लोगों ने उसे बचाया। संजय ने भंवर सिंह को इस बारे में बताया। भंवर सिंह दोनों व्यापारियों की शिकायत लेकर किरतपुर थाने गया तो पुलिस ने व्यापारियों से हमसाज होकर उल्टे ही भंवर सिंह का चालान कर दिया। संजय ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके कार्रवाई करने की गुहार लगाई है। एसपी ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है।