डीसीएम और ट्रक की भिड़ंत में दो घायल
नूरपुर। मुरादाबाद स्टेट हाईवे पर बुधवार सुबह हुई ट्रक और डीसीएम की भिड़ंत में डीएसीएम चालक और क्लीनर घायल हो गए। सुबह करीब पांच बजे गांव अस्करीपुर के पास नूरपुर की ओर से जा रहे सीमेंट लदे ट्रक की सामने से आ रही डीसीएम से भिड़ंत हो गई। हादसे में जनपद औरय्या के गांव बारादरी निवासी चालक रोहित कुमार, जनपद मैनपुरी के गांव परीनंगला निवासी क्लीनर सुनील कुमार घायल हो गए। पुलिस ने दोनों घायलों को वाहन से निकालकर अस्पताल पहुंचाया। सीएचसी पर प्राथमिक उपचार के बाद रोहित की हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। चिकित्सक के अनुसार घायल रोहित के दाहिने पैर में फ्रेक्चर और सिर में गंभीर चोट लगी है। हादसे के बाद ट्रक का चालक फरार हो गया।