जंगल में दिखा गुलदार, ग्रामीणों में दहशत
हल्दौर। ग्राम सुल्तानपुर के जंगल में परिवार सहित गुलदार दिखने से ग्रामीणों में दहशत व्याप्त है। गुलदार के डर से किसान जंगल जाने से कतराने लगे हैं। शनिवार को गांव के जंगल में सुरेश, शौकत, योगेंद्र आदि अपने खेतों पर जा रहे थे। इसी दौरान उन्हें गांव निवासी रामकला के गन्ने के खेत में गुलदार दिखाई दिया। शोर सुनकर खेतों में काम कर रहे किसान लाठी डंडे लेकर मौके पर पहुंचे तो गुलदार अपने शावकों सहित वहां से भाग गया। ग्रामीणों ने वन विभाग से गुलदार को पकड़वाने की गुहार लगाई है। वन दरोगा मदन सिंह का कहना है कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है और यदि जंगल में गुलदार देखा गया है तो पकड़ने के प्रयास किए जाएंगे।