अमरोहा। गांव मूढाखेड़ा स्थित जनता इंटर कालेज में शुक्रवार को जनपद स्तरीय भारोत्तोलन प्रतियोगिता-2018 का आयोजन किया गया। इसका उदघाटन प्रधानाचार्य डॉ. राकेश कुमार शर्मा ने फीता काटकर किया। 96 प्लस किलोग्राम के सीनियर वर्ग में कालेज के प्रियांकुल ने 150 किलोग्राम वजन उठाकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। दूसरी ओर 80 किलोग्राम भार वर्ग में कालेज के ही पंकज कुमार प्रथम और जेएस हिंदू इंटर कालेज अमरोहा के मोहम्मद दानिश द्वितीय रहे। कालेज के आकाश 73 किलोग्राम भार वर्ग में स्नैच में 100 किलो और क्लीन एंड जर्क में 120 किलो वजन उठाकर विजेता रहे। वहीं 67 किलोग्राम भार वर्ग में कालेज के मनप्रीत प्रथम रहे। जबकि 61 किलोग्राम भार वर्ग में एकेके इंटर कालेज अमरोहा के कासिफ प्रथम स्थान पर रहे। जूनियर वर्ग के 61 किलोग्राम भार वर्ग में कालेज के ऋषभ ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसमें पंकज ठाकुर द्वितीय स्थान पर रहे। 73 किलोग्राम भार वर्ग में साहने अल्वी प्रथम रहे। 96 किलोग्राम भार वर्ग में मनीक चौधरी ने 215 किलो वजन उठाकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। निर्णायक मंडल में चंद्रमणि शर्मा और मोहित पूनिया रहे। इस दौरान कुलदेव सिंह, तेजवीर सिंह, नैवीर सिंह आदि मौजूद रहे।