खानपुर बाजार से हटाया अतिक्रमण
जलीलपुर (बिजनौर)। गांव खानपुर खादर बाजार में पीडब्ल्यूडी ने सड़क किनारे से अस्थायी व पक्का निर्माण हटाया। अभियान के दौरान दर्जनों दुकानों का सड़क किनारे का हिस्सा तोड़ दिया गया। चांदपुर-दत्तियाना सड़क किनारे बनी दुकानों व मकानों की पीडब्ल्यूडी कर्मियों ने कुछ दिन पहले निशानदेही की थी। कुछ दुकानदारों ने खुद ही निशान लगे स्थान तक निर्माण तुड़वा लिया था। जो निर्माण नहीं हटाया गया, वह पीडब्ल्यूडी कर्मियों ने जेसीबी मशीन से हटवाना शुरू कर दिया है। इस दौरान चांद खां, रहीस अहमद, नफीस, मुन्ने ,अहसान, सुलेमान, इशरत, अख्तर, शूरवीर, अंकित आदि की दुकानों को आगे से तोड़ा गया। पीडब्ल्यूडी के एई सईद अहमद ने बताया कि सड़क के दोनों ओर पक्का नाला बनाया जाएगा।