बिजनौर। जिले में अभी 1,11, 412 लाभार्थी किसान ई-केवाईसी से वंचित है। अभी तक 2,57, 809 लाभार्थी किसानों ने ई-केवाईसी कराई है। ई-केवाईसी कराने की अंतिम तिथि 31 जुलाई है। ई-केवाईसी नहीं कराने वाले लाभार्थी किसानों के खातों में जाने वाली पीएम किसान सम्मान निधि योजना की किस्त रुक जाएगी। कृषि विभाग के अधिकारियों द्वारा शेष किसानों से समय के अंदर ई-केवाईसी कराने की अपील की जा रही है।
सरकार ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के लाभार्थी किसानों को भुगतान की प्रक्रिया में बदलाव किया है। अभी तक लाभार्थी किसानों को बैंक खाता और आधार कार्ड के बेस पर किस्त का भुगतान किया जाता था। अब सभी लाभार्थी किसानों के बैंक खाते आधार के साथ ई-केवाईसी होने पर ही प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की किस्त का भुगतान किया जाएगा। ई-केवाईसी से वंचित किसानों की किस्त खातों में जाने से रुक जाएगी। जनपद में तीन 3,69,027 किसान आधार से लिंक है। उनमें से अभी तक 2,57,809 किसानों ने ही ई-केवाईसी कराया है। जनपद के 1,11, 412 लाभार्थी किसान अपने बैंक खातों, आधार कार्ड को ई-केवाईसी नहीं करा पाए हैं।
गांव गांव जगाई जा रही अलख
उप कृषि निदेशक गिरीश चंद ने बताया कि सभी किसानों के खातों, आधार कार्ड का ई-केवाईसी कराने के लिए गांव गांव में मुनादी कराई जा रही है। शासन की ओर से भी किसानों को ई-केवाईसी के कराने के संबंध में मोबाइल मैसेज भेजे जा रहे हैं।
बोले अफसर
1,11, 412 लाभार्थी किसान अभी ई-केवाईसी से वंचित है। 31 जुलाई ई-केवाईसी कराने की अंतिम तिथि है। किसानों को समय से ई-केवाईसी कराने को लगातार प्रेरित किया जा रहा है। न कराने वाले लाभार्थियों की 12 वीं किस्त रुक जाएगी - गिरीश चंद, उप कृषि निदेशक