भदोही साइकिलिंग क्लब की ओर से सेहत के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से रविवार को गोपीगंज से नई बाजार तक साइकिल यात्रा निकाली गई। नई बाजार में चेयरमैन पति लालता सोनकर ने साइकिल यात्रा निकालने वाले सभी लोगों का स्वागत किया। हर रविवार को साइकिल यात्रा निकालकर लोगों को सेहत के प्रति जागरूक किया जाता है।
लालता सोनकर ने कहा कि साइकिल चलाने के कई फायदे हैं। एक तो यह व्यायाम का काम करता है, जो आज के दौर मे अत्यंत आवश्यक है और बहुत से रोगों की दवा भी है। इसके अलावा साइकिलिंग से पेट्रोल की भी बचत होगी। लोगों को अपने छोटे-मोटे कार्य में बाइक की जगह साइकिल का प्रयोग करना चाहिए। उन्होंने साइकिलिंग के प्रति लोगों को जागरूक किया और लोगों के साथ नगर में साइकिल चलाई।
इससे पूर्व गोपीगंज से अताऊल अंसारी के नेतृत्व में लोग साइकिल चलाते नईबाजार पहुंचे। उन्होंने कहा कि गत दो वर्षों से क्लब प्रत्येक रविवार को साइकिल चलाने के प्रति जागरूक करता है। कई प्रदेश में साइकिल यात्रा की जा चुकी है। इस मुहिम में चिकित्सक, अधिकारी, अधिवक्ता, अध्यापक, समाजसेवी, जनप्रतिनिधि भी साथ दे रहे हैं। साइकिल यात्रा में डा. एसएस यादव, प्रवीण सिंह टंडन, मुंशी बाबू खां, फरहान अंसारी, मो.इमरान, मो.इम्तीयाज महमूद, अबरार हाशमी, अजहर जमाल, जाहिद आबिद, सुलतान शेख आदि शामिल रहे।