लालनगर। गोपीगंज कोतवाली क्षेत्र के पूरेशंभू गांव के छात्र की जौनपुर जिले के मड़ियाहूं बाजार में मौत हो गई। सोमवार को पिता की तहरीर पर मड़ियाहूं पुलिस ने उसके दो दोस्त प्रतीक सिंह और शीतल मौर्या निवासी शीतलगंज थाना मड़ियाहूं के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। परिवार के अनुसार युवक, दोस्तों के बुलाने पर तीन दिन पूर्व शनिवार को मड़ियाहूं गया था। जहां उसे डंडे से पीटकर मारा गया। उधर, सोमवार देर शाम को शव घर पहुंचा तो परिवार में कोहराम मच गया। हालांकि युवक को किस कारण से मारा-पीटा गया, यह दूसरे दिन भी स्पष्ट नहीं हो सका। पूरेशंभू गांव निवासी रमाशंकर पाल का पुत्र आशू (18) तीन दिनों पूर्व मड़ियाहूं के कुछ दोस्तों के बुलाने पर चला गया था। जिसकी मृत्यु होने का मामला परिजनों को सोमवार को पता चला। पोस्टमार्टम के बाद सोमवार को देर शाम शव घर पहुंचा तो उसे देखकर परिवार वाले चीख पड़े। सभी का रो-रोकर बुरा हाल था। स्थानीय रामपुर घाट पर पिता रमाशंकर पाल ने पुत्र को मुखाग्नि दी। परिवार वालों के मुताबिक आशू इंटर का छात्र था, जो महाराष्ट्र में ही रहकर पढ़ाई करता था। 20 दिन पूर्व वह महाराष्ट्र से घर आया था। तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था। अपने दोस्तों के बुलाने पर तीन दिन पूर्व शनिवार को मड़ियाहूं गया था। जहां से परिजनों को जानकारी मिली कि उसकी तबीयत बिगड़ गई है और हालत ज्यादा खराब है। अस्पताल में भर्ती किया गया है। परिवारवाले अस्पताल पहुंचे तो वहां वह मृत मिला। पिता का आरोप है कि उसे डंडे से पीटा गया, जिससे उसकी मौत हो गई। तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने प्रतीक सिंह और शीतल मौर्या, दोनों निवासी शीतलगंज थाना मड़ियाहूं के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।