भदोही-जंघई रेलमार्ग के रेवड़ापरसपुर रेलवे फाटक के समीप शुक्रवार को सायं ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई। ट्रेन के धक्के से युवक का शव इस हाल में था कि उसकी पहचान नहीं हो पाई। कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
भदोही कस्बा पुलिस चौकी प्रभारी प्रमोद राय ने बताया कि उन्हें सायं 6.45 बजे ट्रेन हादसे की सूचना मिली। हमराहियों के साथ मौके पर पहुंचे तो शव ट्रैक पर पड़ा था। वहां जुटे लोगों से शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया गया, लेकिन पहचान नहीं हो सकी। उन्होंने बताया कि वाराणसी से लखनऊ की ओर जा रही इंटरसिटी और बनारस से ग्वालियर की ओर जा रही बुंदेलखंड एक्सप्रेस में से किस ट्रेन से हादसा हुआ, इसकी भी सही जानकारी नहीं मिली। संभावना जताई जा रही है कि युवक ट्रैक पार करते समय हादसे का शिकार हुआ। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पिछले तीन दिन में यह रेल हादसे की दूसरी घटना थी।