गोपीगंज। कोतवाली क्षेत्र के केड़वरिया फाटक के पूर्वी छोर पर बुधवार की सुबह एक युवक की मालगाड़ी की चपेट में आने से मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पूरे भिखारी गांव निवासी संतोष कुमार गौतम (35) पुत्र स्वर्गीय सरजू गौतम हर रोज केड़वरिया फाटक के समीप अंडे की दुकान लगाकर आजीविका चलाता था। मंगलवार की रात वह हर रोज की भांति दुकान बंद कर घर लौट रहा था। इस बीच पूर्वी छोर पर वाराणसी से प्रयागराज जा रही मालगाड़ी की चपेट में आ गया। जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची जीआरपी ने युवक की शिनाख्त कराई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की मौत के बाद परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मृतक की पत्नी और दो पुत्र हैं। जिनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया है।