ज्ञानपुर। कोतवाली क्षेत्र के लक्ष्मणपट्टी गांव में शनिवार की रात युवक ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
लक्ष्मणपट्टी निवासी राजेश गौड़ (32) पुत्र स्व. धनीशंकर गौड़ शनिवार को खाना आदि खाकर कमरे में सोने चला गया। सुबह देर तक घर से बाहर नहीं निकला तो घर वाले परेशान हो गए। कमरे के अंदर झांककर देखा तो वह फंदे से लटका था। यह देख परिवार वालों के पैरों तले जमीन खिसक गई। खबर मिलते ही कोतवाली प्रभारी एके त्रिपाठी मौके पर पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिवार वालों के मुताबिक वह पिछले कुछ दिनों से काफी परेशान था, लेकिन किसी ऐसे कदम उठाने की उम्मीद नहीं थी। कोतवाली प्रभारी ने घटना के पीछे पारिवारिक कलह को माना। कहा कि पीएम रिपोर्ट आने पर स्थिति स्पष्ट होगी। बताया जाता है कि पांच बहनों में चार की शादी हो चुकी है। दो महीने पहले उसके पिता की मौत हो गई थी। बहन की शादी एवं घर की आर्थिक हालत सही नहीं होने से वह काफी परेशान था। उसे दो लड़के और एक लड़की है। घटना से परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है।