चौरी। स्थानीय बाजार एवं आसपास के इलाके मे 500 का जाली नोट चलाने वाला व्यक्ति शनिवार को ग्रामीणों के हत्थे चढ़ गया। हालांकि वह ग्रामीणों को चकमा देकर बाइक छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने बाइक को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
व्यापारियों ने बताया कि पिछले एक सप्ताह से कुछ बाइक सवार 500 रुपये के नकली नोट चलाने का कार्य कर रहे हैं। चौरी बाजार के मुख्य तिराहा के आस पास कई व्यापारियों को जब नकली नोट को लेकर शक हुआ तो परेशान हो गए। बताया कि भीड़भाड़ का फायदा उठाकर जल्दी सामान लेकर 500 रुपये की नकली नोट देकर चलते बनते। शनिवार को शाम नकली नोट देने वाले बाइक सवार को देखा तो व्यापारियों ने पकड़ लिया और पूछताछ शुरू कर दी।
इस बीच व्यक्ति बाइक छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बाइक को कब्जे में लेकर व्यापारी से मामले की जानकारी ली। व्यापारी राजेश्वर, लखन, राजेश ने बताया कई दिनों से कुछ बाइक सवार आ रहे हैं और नकली नोट से कुछ सामान खरीद कर चले जा रहे है। बताया कि नकली नोट इस तरह है कि सब धोखा खा जा रहे है और एक व्यापारी को शक हुआ तो अन्य व्यापारियों ने 500 रुपये के नोट की जांच शुरू की। थाना प्रभारी मनोज कुमार ने कहा कि मुहर्रम को लेकर व्यस्तता रही। चौकी पुलिस बाइक को लेकर गई है। मामले में जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।